फतेहपुर जनपद में अवैध कबाड़खानों में चोरी की गाड़ियों की कटिंग का धंधा तेज, प्रशासन मौन

अजय सिंह

फतेहपुर। जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कई ऐसी जगह है जहां पर अवैध रूप से संचालित हो रही कबाड़ की दुकानें ,इन दुकानों में चोरी की गाड़ियों की कटिंग खुलेआम की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक इन दुकानों में चोरी की बाइक, कार और अन्य वाहनों को तोड़कर उनके पार्ट्स बेचे जा रहे हैं, और यह गोरखधंधा लंबे समय से चल रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह दुकान मुख्य मार्ग से कुछ दूरी पर अंदर की ओर स्थित है, जिससे किसी जिम्मेदार अधिकारी की नजर इस पर नहीं पड़ती। वहीं, लोगों का यह भी आरोप है कि स्थानीय प्रशासन की निष्क्रियता और पुलिस की मिलीभगत के चलते संचालक बेखौफ होकर इस गैरकानूनी कारोबार को चला रहे हैं।सूत्रों की मानें तो बिना पुलिस की सहमति के इतनी बड़ी गतिविधि का संचालन संभव ही नहीं है। क्षेत्रीय जनता का कहना है कि हर रात देर तक इन कबाड़खानों में गाड़ियों की कटिंग की

आवाजें सुनाई देती हैं, लेकिन न तो पुलिस कोई कार्रवाई करती है और न ही प्रशासन ने अब तक इस अवैध गतिविधि को रोकने के लिए कदम उठाया है।जनता में आक्रोश इस बात को लेकर भी है कि जिले में बिना लाइसेंस के चल रही ऐसी दर्जनों दुकानें प्रशासन की नाक के नीचे पनप रही हैं। लोगों ने मांग की है कि जिला प्रशासन तत्काल कार्रवाई करते हुए इन अवैध कबाड़खानों पर रोक लगाए और इस गोरखधंधे में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।फिलहाल सवाल यही उठता है कि आखिर इन अवैध दुकानों के पीछे किसका संरक्षण है, और कब तक जिले के जिम्मेदार अधिकारी इस तरह के अपराधों पर आंख मूंदे रहेंगे? जनता अब प्रशासन से ठोस कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठी है।
????  क्या बोले सीओ सिटी 
दूरभाष के जरिए संपर्क करने पर सीओ सिटी ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है जांचोपरांत आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।