पति की प्रेमिका से परेशान, घर में सुसाइड नोट छोड़ लापता हुई महिला
बरेली के सुभाषनगर में एक विवाहिता दीपिका शर्मा के लापता होने से सनसनी फैल गई है. घर में मिले सुसाइड नोट में उसने अपने पति की प्रेमिका पर धमकी देने और झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाया है.
यूपी के बरेली जिले के सुभाषनगर थाना क्षेत्र की शांति विहार कॉलोनी में एक विवाहिता के लापता होने से सनसनी फैल गई. घर पर मिला सुसाइड नोट पढ़कर परिजनों के साथ पुलिस भी चौंक गई. नोट में महिला ने अपने पति की प्रेमिका और उसके साथियों पर धमकी देने और झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाया है. पुलिस अब इस पूरे मामले की तहकीकात कर रही है.
जानकारी के मुताबिक शांति विहार कॉलोनी निवासी दीपिका शर्मा दो बच्चों की मां हैं. मंगलवार को उनके जेठ रजत गोस्वामी ने पुलिस को सूचना दी कि दीपिका घर से लापता हो गई हैं. परिजनों ने जब घर में तलाश की तो एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें दीपिका ने अपनी परेशानी का जिक्र किया था. दीपिका के जेठ रजत ने पुलिस को बताया कि उनके छोटे भाई विशाल गोस्वामी की शांति विहार में बेकरी है. कुछ समय पहले विशाल ने बेकरी में एक युवती को नौकरी दी थी. काम के दौरान विशाल और उस युवती के बीच नजदीकियां बढ़ गईं. बाद में युवती ने विशाल के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दी.


