रेजांग ला में चीनियों के छक्के छुड़ाने वाले कैप्टन रामचन्द्र यादव,नेहाल सिंह तथा गजेन्द्र सिंह को सपा मुखिया ने किया सम्मानित

अखिलेश करेंगे अहीर रेजीमेंट बनाने का काम:कैप्टन रामचन्द्र यादव

लखनऊ(शान्तिमोर्चा)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में सन् 1962 की जंग में रेजांग ला पोस्ट पर चीन से लड़ने वाले कैप्टन रामच

न्द्र यादव, हवलदार नेहाल सिंह तथा गजेन्द्र सिंह सहित 13 कुमायूं रेजीमेंट  उ0प्र0 के एक्स सर्विस मैन सर्वश्री रमेश कुमार, प्रमोद कुमार, राम किशोर यादव, नौमी लाल यादव, अभिमन्यु, इन्दजीत यादव, रहीश पाल, पंकज यादव, संतोष कुमार, राम विजय, विपिन कुमार तथा शरद यादव को सम्मानित किया।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस अवसर पर अहीर रेजीमेंट बनाने की मांग करते हुए कहा कि और भी कोई मांग करे तो उसकी भी रेजीमेंट बननी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में पांच मिलिट्री स्कूल है, यूपी में एक भी नहीं है। लखनऊ, कन्नौज, इटावा और वाराणसी में मिलिट्री स्कूल बने, यह हमारी मांग है।
उन्होंने 1962 की जंग में अभूतपूर्व वीरता दिखाने वाले सेना के जवानों का स्वागत करते हुए कहा कि इनकी वजह से हमारे देश की सुरक्षा हुई। इन बहादुरों ने देश की धरती बचाने का काम किया है। हमें इन पर गर्व है।
समाजवादी पार्टी के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में ‘120 बहादुर‘ फिल्म का प्रोमो भी दिखाया गया। इसमें रेजांग ला पर चीनी सैनिकों के साथ हुई भिडंत का जीवंत प्रदर्शन किया गया है। चीनी सैनिकों की भारी संख्या की जानकारी होते हुए भी हमारे जवानों ने अपनी पोस्ट आखिरी सांस रहने तक न छोड़ने के प्रण के साथ चीनी सैनिकों को पीछे ढकेलने का अभूतपूर्व जज्बा दिखाया। फिल्म के प्रदर्शन के बाद 62 की जंग में बचे रामचन्द्र यादव भावुक हो गए। उन्होंने इस सम्मान के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि जन्म एकबार होता है। मौत भी एक बार आती है। अगर हम देश के काम आ जाए तो इससे बड़ा सौभाग्य कुछ नहीं।