अयोध्या: गुरु पूर्णिमा पर सरयू में आस्था की डुबकी, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़*
अयोध्या।*गुरु पूर्णिमा का पर्व आज पूरे देश में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। धार्मिक नगरी अयोध्या में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। भोर होते ही श्रद्धालुओं ने पवित्र सरयू नदी में स्नान और दान किया। मान्यता है कि गुरु पूर्णिमा के दिन स्नान-दान करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। घाटों पर हर-हर गंगे और जय श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे। शहर के आश्रमों और मठों में भी विशेष आयोजन हुए। शिष्यों ने अपने गुरुजनों के चरण पखारकर पूजा-अर्चना की और पुष्प, फल, वस्त्र व दक्षिणा अर्पित कर आशीर्वाद लिया। मंदिरों में भजन-कीर्तन, सत्संग और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला दिनभर चला। सनातन परंपरा में गुरु को ज्ञान का मार्गदर्शक और ईश्वर तक पहुंचाने वाला माना गया है। गुरु पूर्णिमा महर्षि वेदव्यास की जयंती के रूप में भी मनाई जाती है। इसी उपलक्ष्य में कई स्थानों पर व्यास पूजा का आयोजन भी हुआ। श्रद्धालुओं ने इस अवसर पर गुरु के बताए मार्ग पर चलने और सदाचार का पालन करने का संकल्प भी लिया। प्रशासन की ओर से सरयू घाटों और मंदिरों के आसपास सुरक्षा और सफाई के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।


