‘भीड़ बढ़ती जा रही है, यहां स्पेशल फोर्स भेजो’, डिप्टी सीएम ने एसपी को फोन लगाकर कहा
बिहार के डिप्टी सीएम और लखीसराय से बीजेपी प्रत्याशी विजय सिन्हा के काफिले पर दोपहर को लोगों ने हमला कर दिया। इस दौरान उनकी गाड़ी पर गोबर और चप्पल फेंकी। इस दौरान मुर्दाबाद के भी नारे लगाए गए। इस घटना के बाद चुनाव आयोग ने भी प्रतिक्रिया दी है। चुनाव आयोग ने कहा कि चुनाव में किसी भी प्रकार की हिंसा को जगह नहीं है। घटना के बाद डिप्टी सीएम ने एसपी को फोन लगाया।
बीजेपी प्रत्याशी ने एसपी से फोन पर बात करते हुए कहा कि मैं गांव में हूं और भीड़ बढ़ती जा रही है। यहां स्पेशल फ़ोर्स भेजो। मैं यहीं धरने पर बैठूंगा। एसपी बहुत कमज़ोर और कायर है। वे डिप्टी सीएम को अंदर नहीं जाने दे रहे हैं। उन्होंने पत्थर और गोबर फेंका है।
https://x.com/i/status/1986353682133471297
आरजेडी कार्यकर्ताओं पर लगाया आरोप
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने आरजेडी कार्यकर्ताओं पर गाड़ी पर हमला करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, "ये RJD के गुंडे हैं। इनकी गुंडागर्दी देखिए, जब ये सत्ता में भी नहीं आए हैं। उन्होंने मेरे पोलिंग एजेंट को धमकाया और सुबह 6.30 बजे ही उसे भगा दिया। वे मतदाताओं को बाहर नहीं आने दे रहे हैं।"
बूथ कैप्चरिंग की घटना को बताया अफवाह
वहीं, घटना पर पुलिस ने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और जिले में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हो रहा है। एसपी अजय कुमार ने बूथ कैप्चरिंग की बात को अफवाह बताया। उन्होंने कहा कि हम यहाँ आए और पाया कि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हो रहा है। अगर किसी को वोट डालने से रोका जाता, तो वहाँ कोई कतार नहीं लगती।
एसपी ने उन आरोपों को भी खारिज कर दिया कि दो बूथों पर भाजपा के पोलिंग एजेंट को धमकाया गया। उन्होंने कहा, "मैं यहाँ हूँ, उसे आने दो। मैं उसे सुरक्षा दूँगा। एजेंट नहीं आ रहा है। अगर कोई शिकायत आती है, तो हम कार्रवाई करेंगे। पूरे ज़िले में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हो रहा है।"


