12 सालों तक कानपुर में चला अखिलेश दुबे का ‘राज’ अधिकारी भी करते थे जी हुजूरी
उत्तर प्रदेश के कानपुर के मशहूर वकील अखिलेश दुबे की गिरफ्तारी के बाद खुलासा हुआ कि उसके दरबार में पुलिस और बड़े-बड़े अफसर हाजिरी लगाते थे.
उत्तर प्रदेश के कानपुर के मशहूर वकील अखिलेश दुबे को गिरफ्तार कर लिया गया था. अब उसका वह चेहरा सामने आ गया है, जो पुलिस और अपराधियों के करीबी गठजोड़ को उजागर करता है. आरोप है कि उसने 12 सालों तक कानपुर में ‘राज’ किया. अखिलेश दुबे ने इन 12 सालों में अपनी पुलिस से नजदीकियों और दबदबे का इस्तेमाल कर शहर में कई गैरकानूनी कामों को अंजाम दिया.
उस पर लोगों की जमीन पर कब्जा करने, महिलाओं के जरिए ब्लैकमेलिंग, फर्जी मुकदमे दर्ज करवाना और उससे करोड़ों की वसूली करने, वक्फ की जमीनों पर अवैध कब्जा करने जैसे कई आरोप लगे हैं. यहां तक की पुलिस की पोस्टिंग-जॉइनिंग से लेकर प्रमोशन तक के लिए बड़े-बड़े अफसर इसके दरबार में हाजिरी लगाने आते थे. अखिलेश दुबे के साकेत नगर स्थित दरबार में सुबह से शाम तक कानपुर और आसपास जिलों के पुलिस अधिकारी से लेकर नेता तक आते-जाते थे. यानी शहर के बड़े-बड़े मामले इसी के ऑफिस में सेट होते थे.


