व्यापारी की स्कूटी, 2 साल से गायब, अब उसी में हो गया ब्लास्ट
Kanpur Scooty Blast कानपुर बम धमाके में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है. दो साल पहले चोरी हुई स्कूटी धमाका स्थल पर मिली, जिसकी एफआईआर दर्ज थी और पुलिस ने फाइनल रिपोर्ट भी लगा दी थी.
उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुए बम धमाके में पुलिस का बड़ा फेलियर सामने आया है. दरअसल जिन दो स्कूटी में धमाका हुआ उनमें से एक स्कूटी 2023 में चोरी हुई थी. स्कूटी मालिक ने चोरी के मामले में एफआईआर भी दर्ज कराई थी. इतना ही नहीं, स्कूटी मालिक ने बताया कि उनको इसका क्लेम भी मिल चुका है और पुलिस ने इस मामले में फाइनल रिपोर्ट भी लगा दी थी. लेकिन बड़ा सवाल ये है कि दो साल पहले चोरी हुई स्कूटी इलाके में ही थी और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी.
कानपुर में हुई धमाके के मामले में रेड कलर और ब्लू कलर की स्कूटी संदेह के घेरे में है. ब्लू कलर की स्कूटी कानपुर के एक बड़े होजरी व्यापारी की है, जिस पर धमाका होने की संभावनाएं बताई गई है. पूरे मामले में तफ्तीश करते हुए जब देर रात पुलिस व्यापारी के घर पहुंची तो व्यापारी ने बताया कि उसकी यह स्कूटी 2 साल पहले हमराज मार्केट परिसर में रात लगी आग के दौरान चोरी हो गई थी. स्कूटी चोरी होनी के बाद उसने ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कराई थी. जिस स्कूटी में धमाका हुआ है वह व्यापारी विजेंद्र प्रकाश रस्तोगी की है. यह स्कूटी दो साल पहले हमराज कॉम्प्लेक्स में अग्निकांड वाली रात को वहीं से चोरी हुई थी.


